पांच फरवरी से शुरू होने वाले डिफेंस एक्सपो के मेगा शो में हिस्सेदारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री सहित देश-विदेश के अति विशिष्ट अतिथि एयरपोर्ट से आयोजन स्थल के समीप बने हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से इन्हें कड़ी सुरक्षा में सवा किमी दूर स्थित सेक्टर 15 में तैयार मुख्य पंडाल तक पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री के आने का प्रस्तावित कार्यक्रम मिलने के बाद आयोजन की जिम्मेदारी से जुड़े रक्षा मंत्रालय के साथ जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
31 जनवरी तक पीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी से जुड़ी एसपीजी अफसरों की टीम भी आयोजन स्थल के साथ हेलीपैड स्थल की सुरक्षा तैयारियां परखने के बाद जिम्मेदारों के साथ समीक्षा बैठक करेगी। पीएम संग अन्य अतिविशिष्ट अतिथियों को पहुंचने में होने वाली परेशानी से बचाने को वृंदावन योजना के सेक्टर-15 में बने मुख्य पंडाल स्थल से सवा किमी दूर कल्ली पश्चिम में पुलिस के वाहन डंपिंग सेंटर के खाली स्थल पर हेलीपैड तैयार कराया गया है।
अतिथि पांच की सुबह दस बजे एयरपोर्ट से सेना के चौपर से हैलीपैड पर पहुंचकर वहां से फ्लीट के साथ मंच तक पहुंचेंगे। एडीएम प्रोटोकाल वीबी मिश्रा ने बताया पीएमओ कार्यालय से पीएम की राजधानी विजिट से जुड़ा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी नहीं मिला है। वहीं, हैलीपैड से मुख्य पंडाल के मंच तक तक विशेष तौर पर सवा किमी की डामर रोड तैयार हो चुकी है। पीएम एयरपोर्ट से लेकर हैलीपैड और मुख्य कार्यक्रम स्थल तक सेना के साथ एसपीजी का कड़ा घेरा रहेगा।