हरचंदपुर (रायबरेली)। तरुण समाज व्यायाम मंडल की ओर से रविवार को कस्बे में आयोजित दंगल में कई जिलों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। महिलाओं की कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही।
पुरुषों की कुश्ती का फाइनल संतकबीरनगर के सर्वेश तिवारी और लखनऊ के पहलवान बॉबी मिश्रा के बीच हुआ। सर्वेश ने बॉबी को पटकनी देकर मुकाबला जीत लिया। महिलाओं की कुश्ती में सिर्फ तीन पहलवान शामिल हुईं। इसमें सरिता ने रानी और लक्ष्मी को अलग-अलग मुकाबलों में पराजित किया।
पुरुष वर्ग के पहलवानों के बीच 75 मुकाबले कराए गए। उनमें बनारस के जितेंद्र ने उन्नाव के देवेंद्र को और दिल्ली के कैप्टन ने तेलीबाग के उमेश को चित किया। ये दोनों कुश्तियां काफी रोमांचक रहीं। विजेता पहलवानों को पूर्व विधायक राकेश सिंह ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर योगेश मोहन घिल्डियाल, सुनील श्रीवास्तव, मनोतोष मैथानी, अरविंद द्विवेदी, कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे।