आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में ट्रॉफी के साथ विजेता खिलाड़ी
लखनऊ। दिल्ली के सार्थक सूदन ने केएसएम यूनुस मेमोरियल आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में चोट के बावजूद अपने खेल कौशल का परिचय देते हुए एकल खिताब जीता। वहीं युगल वर्ग में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव बजरंगी ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। ला-मार्टीनियर टेनिस एरीना में आयोजित प्रतियोगिता के एकल फाइनल में दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने हरियाणा के सुनील कुमार के खिलाफ सीधे सेटों में 6-4, 7-5 से जीत दर्ज की। सार्थक ने पहले सेट से ही आक्रामक रुख अपनाया, हालांकि सुनील ने अपने सटीक शॉट चयन से उन्हें कड़ी टक्कर दी। पहले सेट में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें सार्थक ने बाजी मारी। दूसरे सेट में सार्थक के दाएं टखने में मोच आ गई। इससे लगा कि उनकी लय बिगड़ जाएगी। फिर भी सार्थक ने मैच खेलना जारी रखा और बेहतरीन जुझारूपन दिखाते हुए सेट और मैच दोनों अपने नाम कर लिए।
युगल वर्ग का फाइनल भी काफी रोमांचक रहा जहां खिताब का फैसला दो टाईब्रेक के बाद सुपर टाईब्रेक में हुआ। इस मैच में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव बजरंगी की जोड़ी ने सुनील कुमार व एकलव्य सिंह को 6-7(4), 7-6(4), 10-4 हराया। पहला सेट टाईब्रेक में गंवाने के बाद अथर्व व अनूप ने दूसरे सेट में शानदार जुगलबंदी का प्रदर्शन करते हुए टाईब्रेक में जीत की बदौलत बराबरी की। फिर तीसरे और निर्णायक सेट में अथर्व शर्मा व अनूप ने सुपर टाईब्रेक में जीत के साथ खिताब पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी जावीद अहमद (रिटायर्ड आईपीएस) ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर पुनीत अग्रवाल (सचिव, उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन), ख्वाजा फैजी यूनुस (निदेशक, इरम एजुकेशनल सोसायटी), अब्दुल्लाह मसूद (निदेशक, शालीमार ग्रुप), आयोजित सचिव पवन सागर मौजूद रहे।
आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में ट्रॉफी के साथ विजेता खिलाड़ी