इस बार सरदार पटेल की जयंती राष्ट्रीय अखंडता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस मौके पर प्रदेश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रमुख रूप से रन फॉर यूनिटी का आयोजन राजधानी सहित सभी जिलों में किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव सूचना व गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को राजधानी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 8.30 बजे जीपीओ, स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहीं से वह पौने नौ बजे ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल जयंती पर सभी जिलों के अफसरों (डीएम, एसपी व एसएसपी) को विस्तृत निर्देश भेज दिए गए हैं।
सभी जिलों में सुबह आठ बजे रन फॉर यूनिटी का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जन सहयोग लिए जाने के लिए भी कहा गया है। इस मौके पर पुलिस थानों, पुलिस लाइनों और पुलिस कार्यालयों में पटेल की फोटो और संदेश प्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
31 अक्तूबर को ही दिन में 11 बजे सभी थानों, पुलिस लाइनों और पुलिस कार्यालयों में एकता दिवस शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा है कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, स्कूली छात्रों, खिलाड़ियों और पुलिस बल के जवानों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
शाम को मार्च पास्ट का आयोजन
जिलों के अधिकारियों को शाम पांच बजे मार्च पास्ट के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके तहत सार्वजनिक स्थान, मार्ग पर पुलिस व अन्य वर्दीधारी बलों एवं एजेंसियों के द्वारा मार्च पास्ट का व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित कराया जाए।