पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की बहू सारा की मौत की सीबीआई जांच के लिए उसकी मां सीमा सिंह मंगलवार सुबह सीएम अखिलेश यादव से मिलेंगी।
सीमा सिंह सोमवार दोपहर सीएम के पांच कालीदास मार्ग स्थित आवास गई थीं, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। सीएम के ओएसडी ने उन्हें मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे सचिवालय स्थित सीएम ऑफिस बुलाया है।
सीमा सिंह ने कहा कि उनकी बेटी की मौत के पीछे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनके बेटे अमनमणि की गहरी साजिश है। जब तक सीबीआई जांच नहीं होगी, सारा की मौत का सच सामने नहीं आएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री और उनके बेटे के रसूख के चलते पुलिस शुरुआत से ही इस मामले में पर्दा डालने की कोशिश में जुटी है।
पुलिस ने सारा के पोस्टमार्टम में भी खेल किया। फीरोजाबाद जाकर उन्होंने छानबीन की तो कुछ चिकित्सकों ने बताया कि पोस्टमार्टम में वैसा ही लिखा गया जैसा पुलिस बता रही थी।