राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की काशी में चल रही बैठक में शुक्रवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में भाजपा की जीत का ताना-बाना बुना जाएगा।
इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और संगठन मंत्री के साथ विचार-विमर्श कर लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के पैनल को अंतिम रूप दिया जा सकता है। काशी में बुधवार से शुरू हुई संघ की बैठक 16 फरवरी तक होनी है।
इसमें शुक्रवार को सरसंघ चालक मोहन भागवत संघ के प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों से फीडबैक लेंगे। इसी बैठक में संघ को अन्य माध्यमों से मिला फीडबैक भी रखा जाएगा।
इसी के आधार पर उन सीटों को चिह्नित किया जाएगा जहां पार्टी मजबूत या कमजोर है। दावेदारों से लेकर विभिन्न सीटों के समीकरणों की स्थिति पर संघ के लोगों का आकलन भी इसी बैठक में रखा जाएगा।
उस पर भाजपा के लोगों से बातचीत की जाएगी। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) राकेश जैन को भी बुलाया गया है।
माना जा रहा है कि भाजपा के फीडबैक और संघ की तरफ से जुटाए गए फीडबैक को सामने रखकर यूपी में संघ परिवार के प्रमुख लोगों से बातचीत की जाएगी। संभावना है कि विभिन्न सीटों पर टिकट के दावेदारों के पैनलों को लगभग अंतिम रूप दिया जाएगा।
बताया जाता है कि भाजपा के प्रमुख केंद्रीय नेता और प्रदेश प्रभारी अमित शाह, संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ इस सिलसिले में पहले काफी चर्चा कर चुके हैं।
पार्टी की तरफ से जुटाए गए तथ्य और फीडबैक से भी उन्हें अवगत कराया जा चुका है।
वाराणसी बैठक का महत्व इसलिए है कि किसी दावेदार पर यदि संघ परिवार के किसी संगठन के बारे में कोई जानकारी आती है तो उस पर विचार करके जरूरी होने पर संशोधन कर लिया जाए।
बैठक में विभिन्न संगठनों के बीच चुनाव के दौरान तालमेल, समन्वय और भूमिका का भी खाका खींचा जाएगा।