डीसी एनआरएलएम से मिलने पहुंचीं समूह सखियां।
लखनऊ। महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने, अभिलेखों के रखरखाव आदि की जिम्मेदारी संभालने वाली समूह सखियों ने सीडीओ कार्यालय और डीसी एनआरएलएम को ज्ञापन देकर प्रतिमाह 15 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की है। यात्रा भत्ता, डिजिटल कार्य के लिए जरूरी उपकरण मुहैया कराने के लिए भी कहा है।
सुनीता, रीता, शाहीन बानो, मानसी मिश्रा, सुमन, मंजू आदि करीब 50 समूह सखियां बुधवार को विकास भवन पहुंचीं और समस्याओं के समाधान के लिए विरोध-प्रदर्शन किया। डीसी एनआरएलएम ज्ञानेंद्र सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याएं गिनाईं। ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की। कहा कि मौजूदा समय में प्रतिमाह दो हजार रुपये मानदेय मिल रहा है। इसे बढ़ाकर रोजाना पांच सौ अथवा 15 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
क्षेत्र में जाने के लिए यात्रा भत्ता, डिजिटल कार्य के लिए स्मार्टफोन या टैबलेट और इंटरनेट की सुविधा दी जाए। मानदेय सीधे उनके ही खाते में भेजने, पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा, समूह सखियों का नियमित प्रशिक्षण कराने, कार्य के दौरान हादसा होने की स्थिति में आर्थिक सहायता की व्यवस्था करने की मांग की। समूह सखियों ने समस्या का समाधान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी।