लखनऊ। रहीमाबाद के ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-बी संक्रमण की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा जांच से बच गए चार अन्य लोगों के नमूने लिए। अफसरों का कहना है कि नमूने जांच के लिए बुधवार को केजीएमयू भेजे जाएंगे।
24 फरवरी को रहीमाबाद के चार गांवों के 19 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया था। बलरामपुर अस्पताल की टीम ने लोहिया संस्थान में इनकी जांच कराई तो सभी नमूनों में हेपेटाइटिस बी वायरस मिला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा रक्तदाताओं के नमूने एकत्र किए। उस वक्त 14 लोगों ने ही नमूने दिए थे। केजीएमयू में इनकी जांच में चार लोगों में हेपेटाइटिस-बी संक्रमण की पुष्टि हुई। एक ग्रामीण का नमूना जांच के लिए उपयुक्त नहीं था। बाकी नौ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा नमूने न देने वाले चार अन्य ग्रामीणों के नमूने लिए। शहर से बाहर होने के कारण दो लोगों के अब भी नमूने नहीं मिल सके हैं। इन चारों नमूनों को बुधवार को केजीएमयू के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में भेजा जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के परिजनों को भी रक्त का नमूना देने के लिए कहा है। इसे लेकर उन्हें पत्र भी भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि दो से तीन दिन में इनका नमूना ले लिया जाएगा।