रायबरेली। किसानों के खाते में सोमवार को किसान सम्मान निधि की 13वीं किस्त पहुंच जाएगी। जिले के तीन लाख 89 हजार 875 किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये आएंगे। खामियों के कारण 61,376 लोग निधि से वंचित रह जाएंगे। इन किसानों का खाता आधार से लिंक नहीं है या फिर भूमि का सत्यापन नहीं हो सका है।
कृषि उप निदेशक विनय सिंह ने बताया कि सोमवार को किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि तीन लाख 89 हजार 875 किसानों के खाते पूरी तरह से सही है। इन किसानों को सम्मान निधि मिल जाएगी। 61,376 किसानों की कोई न कोई समस्या है। इस वजह से इनके खाते में रकम नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि जिनके खाते पूरी तरह से सही है, लेकिन यदि किसी कारण से किसान सम्मान निधि नहीं पहुंचती है, तो इसको दिखवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाकी किसानों की समस्या को भी दूर कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।