अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद।
- फोटो : amar ujala
अमेरिका की ओर से भारत पर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ आज यानी 27 अगस्त से लागू हो गया है। इस फैसले से भारत से अमेरिका निर्यात किए जाने वाले माल पर लगने वाला कुल टैरिफ 50 प्रतिशत हो गया है। अमेरिका के इस निर्णय पर अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह भारत की संप्रभुता पर हमला है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि भारत पूरी तरह सक्षम है। टैरिफ चाहे 50 फीसदी हो या 100 फीसदी भारत की अर्थव्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार को ट्रंप की बयानबाजी को लेकर संसद में निंदा प्रस्ताव लाना चाहिए था। अच्छा होता कि सरकार ट्रंप को चेतावनी देती पर पता नहीं क्यों सरकार ने ऐसा नहीं किया।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस निर्णय से भारत के प्रतिस्पर्धियों की स्थिति कम टैरिफ के कारण अमेरिकी बाजार में बेहतर होगी। इस चुनौती से निपटने के लिए मोदी सरकार को बड़े स्तर पर प्रयास करने होंगे, अन्यथा न सिर्फ देश की जीडीपी पर असर पड़ेगा, बल्कि भारत को वैश्विक विनिर्माण हब बनाने का लक्ष्य भी प्रभावित होगा।