यूपी विधानसभा और परिषद बजट सत्र के तीसरे दिन भी हंगामा जारी रहा। कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन के बाहर भी सरकार और विपक्ष में वार-पलटवार चलता रहा।
योगी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए सदन में हंगामा कर रहे हैं। जो सवाल उन्होंने किए हैं, उनके जवाब खुद उन्हें मालूम हैं। सरकार जब उनके सवालों के जवाब लेकर सदन में आती है तो वह उसे सुनना नहीं चाहते।
वह जानते हैं कि सरकार के पास करारा जवाब है, उनके सवालों का, इसलिए वह वही काम कर रहे हैं, जो समाजवादी पार्टी का कल्चर है। विकासशील और भयमुक्त समाज देने वाली सरकार उनसे बर्दाश्त नहीं हो रही है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि योगी जी की सरकार में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया गया है। यही वजह है कि समाजवादी विचलित हैं। उनके पास कोई मुद्दा ही नहीं है।
मुख्यमंत्री द्वारा समाजवादियों को आंतकी कहे जाने पर मोहसिन रजा ने कहा कि जो पार्टी अपने कार्यकाल में आतंकवादियों के मुकदमें वापस करने की बात करती हो, वह हमे नैतिकता का पाठ न पढ़ाये।