पार्किंग में दुकानें लगने से सड़क पर वाहनों की कतार।
लखनऊ। गोमतीनगर में एलडीए ऑफिस के पास पांच सितारा होटल की पार्किंग और ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध रूप से सर्दी के कपडों की सेल अफसरों की मिलीभगत से ही चल रही है। मामला खुलने के बाद अफसर एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल जिम्मेदारी कर बच रहे हैं।
पार्किंग और ग्रीन बेल्ट की जमीन पर सेल लगी होने के कारण गाड़ियां सड़क पर खड़ी हो रही हैं। इससे जाम भी लग रहा है। इस मामले को लेकर मंगलवार को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद एलडीए की टीम ने जांच की। इस दौरान होटल प्रबंधन ने यह बताया कि उसने अनुमति के लिए एलडीए में आवेदन किया था, मगर वह मौके पर अनुमति पत्र नहीं दिखा सका।
इस बारे में एलडीए के ओएसडी देवांश त्रिवेदी ने कहा था कि अनुमति अभियंत्रण विभाग की ओर से दी गई होगी। इस बारे में वह पता करेंगे। जब एलडीए के अधिशासी अभियंता अजीत कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी ओर से किसी तरह की कोई अनुमति होटल प्रबंधन को सेल लगाने के लिए नहीं दी गई है। ऐसे में अब दोनों अफसर एक-दूसरे के पाले में गेंद डालकर सेल को बचा रहे हैं। एलडीए के ओएसडी का कहना है कि गोमतीनगर का इलाका ओएसडी रविनंदन सिंह के पास है। इन दिनों वह अवकाश पर हैं, ऐसे में अब उनके पास यह अतिरिक्त चार्ज है। उन्होंने अपने स्तर पर किसी को अनुमति नहीं दी है। ग्रीन बेल्ट आदि के मामले में अभियंत्रण विभाग ही अनुमति देता है।
पार्किंग में दुकानें लगने से सड़क पर वाहनों की कतार।