अयोध्या स्थित ढांचा ध्वंस मामले में साक्षी महाराज ने अपना बयान दर्ज कराया। वहीं एक आरोपी ओमप्रकाश पांडेय के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया। विशेष न्यायाधीश एसके यादव ने मामले की सुनवाई के लिए 18 जून की तारीख तय करते हुए आरोपियों को बयान के लिए तलब किया है।
उधर, आरोपियों के वकीलों ने उनके निवास का पता कोर्ट में दाखिल किया जो अपना बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दर्ज कराना चाहते थे।
कोर्ट में आरएन श्रीवास्तव, महंत नृत्य गोपाल दास, लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, जय भगवान गोयल, अमर नाथ गोयल, सुधीर कक्कड़, आचार्य धर्मेंद्र देव, धर्मेंद्र सिंह गुज्जर और कल्याण सिंह के निवास स्थान की जानकारी दी गई जबकि ओमप्रकाश पांडेय के लिए बताया गया कि वह आजमगढ़ के रहने वाले है, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। इसके बाद कोर्ट ने ओमप्रकाश पांडेय के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि जिनके निवास के पते कोर्ट को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, उनको हाजिर कराकर बयान दर्ज कराएं। कोर्ट ने कहा कि उमा भारती कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से हाज़िर होकर अपना बयान दर्ज कराएंगी।