पुलिस की हीलाहवाली से क्षुब्ध होकर अयोध्या के रामजन्मभूमि थाने में आत्मदाह करने वाले साधु रामदास त्यागी ने गुरुवार को ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। सामान चोरी होने की रिपोर्ट न लिखे जाने के कारण उसने मंगलवार रात आत्मदाह किया था। इस घटना में वह 70 फीसदी से ज्यादा जल चुका था।
भोपाल का रहने वाला साधु रामदास त्यागी (50) एक हफ्ते पहले अयोध्या दर्शन के लिए आया था। रविवार को हनुमानगढ़ी दर्शन के दौरान उसका बैग, बिस्तर समेत नकद 3500 रुपये गायब हो गए। उसने शक के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंपा। साधु का आरोप था कि पुलिस ने आरोपी को लेन-देन के बाद छोड़ दिया। पुलिस ने उसका केस भी दर्ज नहीं किया।
वह केस दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर काट रहा था, उसके पास वापस जाने व खाने के लिए पैसे नहीं थे। इससे तंग आकर उसने थाने में ही अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। ये देख पुलिस ने तत्काल आग बुझाई व उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था।