ऑल इंडिया हिंदू पर्सनल लॉ बोर्ड के राष्ट्रीय सचिव सहित कई संस्थाओं के पदाधिकारी संत आचार्य देवमुरारी बापू ने रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास के अध्यक्ष महंत जन्मेजय शरण पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
हनुमानबाग में सोमवार को मीडिया कर्मियों से बातचीत में संत देवमुरारी बापू ने आरोप लगाया कि समिति अध्यक्ष ने राममंदिर निर्माण के नाम पर अब तक कई करोड़ रुपये वसूले हैं।
संत देवमुरारी बापू ने कहा कि वे शीघ्र ही न्यास के खातों की जांच कराने के लिए विधिक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर 2019 को रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण न्यास के अध्यक्ष ने उन्हें बिना किसी कारण बताओ नोटिस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से बर्खास्त कर दिया था।
इससे समाज में उनकी छवि धूमिल हुई है। इसके चलते देवमुरारी बापू ने 21 नवंबर को मथुरा के न्यायालय में महंत जन्मेजय शरण के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर किया है।