लखनऊ। केडी अस्पताल में महिला मरीज की मौत के मामले में केजीएमयू के ईएनटी विभाग से बर्खास्त डॉक्टर बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बृहस्पतिवार को विभाग के मुखिया से संपर्क कर कार्रवाई का रिकॉर्ड मांगा। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) को भी पत्र भेजा जा रहा है।
लखीमपुर खीरी के महाराजनगर निवासी सुरेंद्र की पत्नी पूनम मौर्य (32) की बीते वर्ष नौ नवंबर को मौत हो गई थी। सुरेंद्र के मुताबिक पूनम का इलाज केजीएमयू के ईएनटी विभाग के डॉ. रमेश की देखरेख में हो रहा था। 25 अक्तूबर को डॉ. रमेश ने पूनम को खदरा के केडी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर वापस शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पूनम की कुछ दिन बाद मौत हो गई।
घटना के बाद से बर्खास्त डॉक्टर का सुराग नहीं लगा है। सीएमओ ऑफिस से ईएनटी विभागाध्यक्ष को पत्र भेजकर डॉक्टर के खिलाफ हुई कार्रवाई का रिकॉर्ड मांगा, ताकि रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को भेजी जा सके। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच पूरी की जा रही है।