लखनऊ। चिनहट में मंगलवार सुबह निर्माणाधीन मकान से लापरवाही से फेंके गए मलबे से शोरूम कर्मचारी की मौत हो गई। उनके घरवालों की तहरीर पर मकान मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नौबस्ता कला निवासी विशाल तिवारी घर के पास मकान बनवा रहे हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मकान की दूसरी मंजिल से बिना देखे मलबे से भरी बोरी सड़क पर फेंकी गई। यह बोरी देवरिया के कुंडौली निवासी कार शोरूम कर्मचारी अनूप कुमार सिंह के ऊपर गिरी। इससे उनका सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अनूप को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने अनूप के मोबाइल से उनके घरवालों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मकान मालिक विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अनूप कुमार सिंह की फाइल फोटो।