गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में सचिन कुमार की हत्या उसके ही तमंचे से गोली मारकर की गई थी। यह हत्या उधारी न देने और दबंगई दिखाने के कारण हुई। पुलिस ने आरोपी सुशांत गोल्फ सिटी के देवामऊ निवासी कमल सिंह यादव और उसके रिश्तेदार धावहार गांव निवासी संतोष कुमार यादव को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा, खोखा और मृतक के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। डीसीपी अमित कुमार आनंद के मुताबिक, पीजीआई क्षेत्र के रेवतापुर शकूरपुर निवासी सचिन के भाई जितेंद्र यादव ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि हत्या से पहले चार मई को सचिन के साथ कमल और संतोष थे। तीनों ने शराब और मुर्गा पार्टी की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कमल और संतोष को पकड़ा।
पूछताछ में कमल ने बताया कि संतोष भट्ठा चौराहे के पास गुटखा बेचता था। सचिन उसकी दुकान से सामान लेकर पैसे नहीं देता था और धमकाता था। वह दूसरे ग्राहकों को भी दुकान पर आने से रोकता था। इस कारण संतोष को अपनी गुमटी बंद करनी पड़ी। इसके बाद दोनों ने सचिन की हत्या की साजिश रची।
धमकाने के लिए साथ लेकर चलता था तमंचा
एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक, आरोपियों ने चार मई को सचिन को शराब पार्टी के बहाने बुलाया। उसे खूब शराब पिलाई गई। फिर सेक्टर-8 के मैदान में ले जाकर शराब पीने के दौरान संतोष ने सचिन को पकड़ा। कमल ने सचिन के तमंचे से उसकी कनपटी पर गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मृतक के मोबाइल और तमंचा छिपाकर घर चले गए। सचिन लोगों को धमकाने के लिए तमंचा साथ में लेकर चलता था।
एक साथ मिली थी तीनों की लोकेशन
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि सचिन के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई। इससे पता चला कि कमल ने चार मई की सुबह 10 बजे सचिन को कॉल की थी। कमल, संतोष और सचिन की लोकेशन शाम करीब 4 बजे तक घटनास्थल पर साथ मिली। वारदात के बाद आरोपी मृतक के दोनों मोबाइल बंद कर शव वहीं छोड़कर भाग गए थे। डीसीपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।