टूर्नामेंट में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित।
लखनऊ। सावी, दिविशा, वेरोनिका, इशिता, अमायरा, परम, दीक्षांत व देव ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक आमंत्रण टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए अपने-अपने वर्गों में स्वर्णिम सफलता हासिल की। टूर्नामेंट के समापन पर सेवानिवृत्त उपक्रीड़ा अधिकारी एआर अंसारी, जिला जिम्नास्टिक संघ, आजमगढ़ के सचिव लक्ष्मण प्रसाद, हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद और योग प्रशिक्षक मालविका वाजपेयी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक दिए। टूर्नामेंट का संचालन जिम्नास्टिक कोच रविकांत यादव और नमिता यादव ने किया। टूर्नामेंट में अंडर-4 बालिका आयु वर्ग में बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए सावी रस्तोगी पहले स्थान पर रहीं। दूसरी ओर बालकों में परम प्रताप तिवारी पहले स्थान पर रहे। अंडर-8 आयु वर्ग में बालिकाओं में अमायरा सोनकर और बालकों में दीक्षांत त्यागी ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-10 आयु वर्ग में बालिकाओं में हरम फातिमा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया। इस वर्ग में बालकों में देव दीक्षित को पहला जबकि अर्नव सोनकर को दूसरा व अनित राज को तीसरा स्थान मिला। इसी के साथ अंडर-12 बालिका आयु वर्ग में वेरोनिका वर्मा पहले, अंशिका सिंह दूसरे व अंशिका अग्रवाल तीसरे एवं अंडर-14 बालिका वर्ग में इशिता सोनकर व आध्या संयुक्त पहले स्थान पर रही। इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन सेवानिवृत्त क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी ने किया।