हसनगंज थाना क्षेत्र के मसालची टोला खदरा में रविवार देरशाम एक बकरे को लेकर बवाल हो गया। चंद घंटे पहले जेल से छूटे अपराधी ने गुम बकरे की तलाश के दौरान गालीगलौज की जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया।
बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। मारपीट के साथ हवाई फायरिंग से दहशत फैल गई। एसएसपी कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचीं। डीआईजी व डीएम ने मौका मुआयना के साथ अराजकतत्वों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
दोनों पक्षों ने हसनगंज थानेे में तहरीर दी है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस व पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस के मुताबिक, मसालची टोला स्थित धर्मस्थल पर रविवार सुबह से खिचड़ी भोज कार्यक्रम के चलते पुलिस व पीएसी की ड्यूटी लगी थी।
धर्मस्थल व आसपास लोग जमा थे। इस बीच मोहल्ले के ही फुरकान ने बुलेट मोटर साइकिल से कई चक्कर काटे। फिर अपने बकरे के गुम होने की बात कहकर गालीगलौज करते हुए धर्मस्थल में घुसने लगा।
बाबा धर्मेंद्र दास व विष्णु दास ने बकरा नहीं होने की बात कही। फुरकान धमकी देते हुए वहां से गया और थोड़ी देर बाद साथियों को लेकर आ धमका। इस बीच दूसरे पक्ष के लोग जमा हो चुके थे। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
शहर के अमन को बिगड़ने न दें
बवाल के बाद डीएम ने दोनों पक्षों से बात की
- फोटो : amar ujala
हालात बिगड़ते देख पुलिस व पीएसी ने लाठी फटकारकर झगड़ा शांत कराया। कैंप ऑफिस में अफसरों की बैठक कर रहीं एसएसपी मंजिल सैनी हसनगंज में बवाल का पता चलते ही मौके पर पहुंचीं।
इस बीच कई थानों की फोर्स बुलाई जा चुकी थी। डीआईजी प्रवीण कुमार व डीएम सत्येंद्र सिंह मौका मुआयना के साथ दोनों पक्षों के संभ्रांत लोगों से बात की और अराजकतत्वों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
एसएसपी ने बताया कि बाबा धर्मेंद्र दास ने फुरकान, उसके भाई मो. इकरार व अन्य लोगों पर बलवा, मारपीट, कातिलाना हमला आदि का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बताया कि फुरकान को कुछ दिनों पहले रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
वह कुछ समय पहले ही छूटा है। दूसरे पक्ष से मो. इकरार ने मुराई टोला के अमित मौर्य, शैलू व राजेंद्र मौर्य, दीपू शुक्ला समेत 40-50 लोगों पर गालीगलौज, मारपीट, जान से मारने की नीयत से हमला व फायरिंग का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
खदरा में दो समुदाय में हुए टकराव पर ऐशबाग ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शहरवासियों से अमन बनाए रखने की अपील की। मौलाना ने कहा कि सांप्रदायिकक ताकतों की साजिश को कामयाब न होने दें। मौलाना ने पुलिस और प्रशासन ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।