कानपुर राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल अपने स्टेनो के साथ शुक्रवार रात गर्ल्स हॉस्टल में चेकिंग करने गए और वहां उन्होंने छात्राओं के साथ बदसुलूकी की। छात्राओं ने इसकी शिकायत की इसके बाद जमकर बवाल हुआ।
राजकीय राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल एफआर खान अपने स्टेनो आर सागर के साथ गर्ल्स हॉस्टल में चेकिंग करने गए थे। प्रिंसिपल को सूचना मिली थी कि हॉस्टल में छात्राएं पांच किलो लोकल रसोई गैस सिलेंडर और स्टोव का इस्तेमाल कर रही हैं।
प्रिंसिपल ने चेकिंग के दौरान पांच लोकल रसोई सिलेंडर जब्त भी किए थे। प्रिंसिपल के टीम के साथ जाने के बाद छात्राएं हॉस्टल से निकल आईं थी।
प्रिंसिपल और स्टेनो पर लज्जा भंग करने की कोशिश और बदसुलूकी करने का आरोप लगा हंगामा किया था। रात में प्रशासन ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया था। शुक्रवार को स्टूडेंट्स ने कक्षाओं से निकल आए।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रिंसिपल और उनके स्टेनो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निलंबन की मांग को लेकर शनिवार को स्टूडेंट्स ने संस्थान गेट के सामने जीटी रोड जाम कर हंगामा किया। सूचना पर कई सीओ और थानों का फोर्स पहुंचा।
अफसरों के आश्वासन के करीब दो घंटे बाद स्टूडेंट्स शांत हुए। इधर, पुलिस ने प्रिंसिपल और स्टेनो के खिलाफ लज्जाभंग की कोशिश और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों के घरों में दबिश दी, पर वह नहीं मिले।
लात मार कर दरवाजा खोला और की बदसलूकी
स्टूडेंट्स ने पहले पॉलीटेक्निक कैंपस और फिर जीटी रोड जाम कर हंगामा एवं नारेबाजी की। स्टूडेंट्स से रास्ता रोकने से रावतपुर और कल्यापपुर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पाकर कलक्टरगंज ममता कुरील, सीओ नजीराबाद संजीव कुमार, सीओ स्वरूप नगर अतिश कुमार भारी फोर्स के साथ पहुंचे। छात्राओं ने अफसरों के सामने प्रिंसिपल एफआर खान और स्टेनो एस सागर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए।
छात्राओं का कहना है कि प्रिंसिपल और स्टेनो रात में बिना महिला वार्डन के हॉस्टल में आए। लात मारकर उनके कमरों के दरवाजे खुलवाए। लात मारने से एक कमरे का दरवाजा टूट गया है। छात्राओं के मुताबिक प्रिंसिपल और स्टेनो ने छेड़छाड़ और बदसलूकी की। विरोध करने पर वे लोग लौट गए।
आरोपियों को पकड़ने पर की गई छापेमारी
पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने स्टूडेंट्स को प्रिंसिपल और स्टेनो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया। तब दो घंटे बाद हंगामा शांत हुआ।
नवाबगंज एसओ ने बताया कि एक छात्रा की तहरीर पर प्रिंसिपल एफआर खान और स्टेनो आर सागर के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 511 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए इनके घरों और संभालित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पर, दोनों हाथ नहीं लगे हैं। इधर, सीओ अतिश कुमार का कहना है कि आरोपी प्रिंसिपल और स्टेनो की तलाश की जा रही है।
इस मामले में पीड़ित छात्राओं के पुलिस और कोर्ट दोनों जगह बयान कराए जाएंगे। जल्द ही आरोपियों को ढूंढ लिया जाएगा।