लखनऊ। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण में आवेदन का अंतिम मौका शनिवार को है। इसके बाद तीसरे चरण में ही आवेदन किया जा सकेगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि जो अभिभावक अपने बच्चे के लिए आवेदन नहीं कर सके हैं, वे शनिवार को आवेदन करवा लें। दूसरे चरण में अभी तक छह हजार और पहले चरण में 18 हजार आवेदन आए थे।
बीएसए ने बताया कि आवेदन के साथ ही सत्यापन भी जारी है। नौ फरवरी को लॉटरी सिस्टम से चयनित बच्चों के नामों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद स्कूल आवंटन की शुरुआत होगी। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक श्याम किशोर तिवारी ने मंडल के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवेदन से लेकर सत्यापन तक समय से पूरा कराए जाने के निर्देश दिए हैं। आवेदन का शेड्यूल सभी जिलों में एक ही तिथि के हिसाब से है। ऐसे में ध्यान दिया जा रहा है कि अधिक से अधिक बच्चों को निशुल्क प्रवेश का लाभ मिले।
यहां से करें आवेदन
आवेदन करने के लिए पोर्टल https://rte25.upsdc.gov.in पर जाना होगा।
इन बातों का रखें ध्यान
- जिस वार्ड या नगर का बच्चा वहीं के स्कूल का चयन करें।
- बच्चे नाम, पता व अभिभावकों का नाम सही भरें।
- विकल्प में पांच स्कूलों का चयन करें।
तीसरे चरण के आवेदन 12 से
आरटीई तीसरे चरण के आवेदन 12 मार्च से शुरू होंगे। अंतिम तिथि 25 मार्च है। 27 मार्च को लॉटरी सिस्टम से बच्चे का चयन किया जाएगा।
बकाया फीस का होगा जल्द भुगतान
पिछले शैक्षिक सत्र 2025-26 में जिन विद्यालयों की बकाया फीस का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उन्हें जल्द ही भुगतान किया जाएगा। इससे पहले विद्यालयों को प्रवेश बच्चों का ब्योरा भी देना होगा। बीएसए ने बताया कि शासन से ग्रांट आते ही भुगतान किया जाएगा।