रायबरेली। निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए तीसरे चरण की लॉटरी सोमवार को निकली। इसमें 489 बच्चों को प्राइवेट स्कूल आवंटित किए गए। इन बच्चों का आवंटित विद्यालयों में मुफ्त प्रवेश कराया जाएगा, जो कक्षा आठ तक निशुल्क पढ़ाई कर सकेंगे। जल्दी ही प्रवेश संबंधी आदेश जारी कर दिया जाएगा।
आरटीई के अंतर्गत शिक्षा सत्र 2025-26 में तय सीटों पर प्रवेश के लिए चार चरणों में प्रक्रिया पूरी की जानी है। पहले चरण में 1417 और दूसरे चरण में 813 बच्चों का चयन हो चुका है, जिनका प्रवेश आवंटित विद्यालयों में कराया जा रहा है। तीसरे चरण के अंतर्गत एक से 19 फरवरी तक आवेदन मांगे गए थे। जिला समन्वयक (सामुदायिक) डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि तीसरे चरण में 643 आवेदन आए। इन सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन कराया गया।
उन्होंने कहा कि सत्यापन में 36 आवेदनपत्र विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए। बाकी 607 आवेदन पत्रों को लॉटरी में शामिल किया गया। लॉटरी में 489 बच्चों को विद्यालय आवंटित हुए, जबकि 118 बच्चों को सीटें फुल होने के कारण विद्यालय नहीं मिल सके।
अंतिम चरण के लिए आवेदन एक से
आरटीई के अंतर्गत तीन चरणों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन तीन चरणों में जो बच्चे छूट गए हैं, वे चौथे एवं अंतिम चरण में लाभ उठा सकते हैं। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चौथे चरण के आवेदन एक मार्च से 19 मार्च तक होंगे। तय तिथि में आने वाले ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन 20 से 23 फरवरी तक होगा। लॉटरी 24 फरवरी को निकलेगी। चारों चरणों की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी हो जाएगी, ताकि नया शिक्षा सत्र शुरू होने पर सभी चयनित बच्चों की पढ़ाई शुरू हो सके।