लखनऊ। बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में तैनात अधिकारी विकास रंजन के मकान से चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, छह घड़ियां और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। विकास रंजन ने बीबीडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
विकास रंजन मूलरूप से बिहार के पटना निवासी हैं और परिवार के साथ माधव ग्रीन सिटी में रहते हैं। उनकी पत्नी और बच्चे गर्मियों की छुट्टियां मनाने बिहार गए हुए हैं। विकास के अनुसार, शनिवार रात करीब ढाई बजे चोर उनके घर में घुस आए। सुबह उन्हें चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दिखाई दिए हैं। सूचना पर पहुंची बीबीडी पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि फुटेज में दिखाई दे रहे चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।