लखनऊ। साइबर जालसाज ने ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर हजरतगंज के अलीशा अपार्टमेंट निवासी रिटायर्ड डीआईजी राकेश शुक्ला से 1.75 लाख रुपये ऐंठ लिए। हजरतगंज पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा में एफआईआर की है।
राकेश शुक्ला के मुताबिक 13 जुलाई को उन्हें फेसबुक पर रिटायर्ड आईएएस अफसर की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जो उन्होंने स्वीकार कर ली। 14 को उन्हें रिटायर्ड आईएएस ने मेसेज कर कहा कि उनका दोस्त संतोष कुमार सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट है। वह अपना घरेलू सामान कम दाम पर बेच रहा हे। इच्छुक हों तो आप सामान खरीद सकते हैं।
मेसेज के कुछ देर बाद ही संतोष ने राकेश को कॉल लगाई और सामान की कई फोटो व्हाट्सएप पर भेज दीं। राकेश के मुताबिक 1.75 लाख सौदा में तय हुआ था। संतोष ने पहले भुगतान करने की बात कहते हुए बार कोड भेज दिया। भुगतान करने पर भी राकेश को 16 जुलाई तक सामान की डिलीवरी नहीं हुई। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। फिर 21 जुलाई को हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक तफ्तीश चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।