लखनऊ। काकोरी इलाके में टेंपो सवार बुजुर्ग अगनू से दो बदमाश 16,500 रुपये लूट लिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से लूटी गई पूरी रकम के अलावा 550 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश राठौर के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे कुशमौरा गांव निवासी अगनू खरीदारी करने दुबग्गा चौराहा गए थे। खरीदारी के बाद वह टेंपो से दुर्गागंज के लिए निकले। टेंपो में दुबग्गा चौराहे से ही दो युवक भी सवार हो गए। दुर्गागंज चौराहे पर उतरने के बाद अगनू रुपये गिनने लगे। इसी दौरान दोनों युवक उनसे 16,500 रुपये लूटकर काकोरी नहर की तरफ भागने लगे। अगनू ने चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने दोनों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान काकोरी के खारी कुआं, कोठीतला निवासी अभिनव यादव और हाता गुलाम जिलानी निवासी विकास के रूप में बताई। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।