लखनऊ। साइबर ठग ने विकासनगर निवासी पेंशनभोगी दंपती के बैंक खातों से 16.33 लाख रुपये निकाल लिए। एंड्रॉयड पैकेज किट (एपीके) फाइल डाउनलोड कराने के बहाने घटना को अंजाम दिया।
विकासनगर के सेक्टर-चार निवासी अरुणा सिंह व उनके पति कमलेंद्र प्रताप सिंह के बैंक ऑफ इंडिया की टेढ़ीपुलिया शाखा में अलग-अलग खाते हैं। पीड़िता ने बताया कि एक नवंबर की दोपहर राहुल शर्मा नाम के शख्स की उनके पति के मोबाइल पर कॉल आई। उसने ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेशन के नाम पर एक एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। कई बीमारियों से पीड़ित कमलेंद्र ने झांसे में आकर फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद एक व दो नवंबर को उनके बैंक खातों से छह-सात बार में अलग-अलग खातों में 16.33 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
बैंक से मेसेज मिलने पर दंपती को ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।