उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की आरपीएफ टीम ने गुरुवार को यहियागंज में रेल इंजन के चोरी का उपकरण बेचने वाले कबाड़ दुकानदार के पिता को गिरफ्तार कर लिया। दुकान से तांबा व पीतल के बने 2.5 क्विंटल के उपकरण के साथ तीन बैटरी बरामद की गई। इनकी कुल कीमत 50 से 60 हजार के आसपास है।
मौके से सुभाष अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बेटा शोभित अग्रवाल व उसका नौकर फरार हैं। इससे पूर्व भी करीब एक टन चोरी का सामान बरामद किया जा चुका है। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर यशवंत सिंह ने यशवंत सिंह ने बताया कि बीते दो अगस्त को रेलवे का सामान चोरी करने वाले एक चोर को पकड़ा गया था।
उसकी निशानदेही पर छापा मारा गया। चोरी का सारा सामान कबाड़ की इस दुकान पर बेचा जा रहा था। गुरुवार को यहियागंज बाजार में छापे के दौरान उनके साथ आलमबाग रेलवे स्टोर की निरीक्षक शिखा मलिक भी मौजूद थीं।