लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के चलते बदले रूट से चल रहीं छह ट्रेनों का रूट बहाल कर दिया गया है। अब तक ये ट्रेनें चारबाग स्टेशन की जगह ऐशबाग और बादशाह नगर स्टेशन से होकर चल रही थीं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर चार पर निर्माण कार्य शुरू होने के कारण राजधानी, श्रमजीवी सहित 36 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदल दिए गए हैं।
लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्त ने बताया कि 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर जंक्शन, 11079 एलटीटी-गोरखपुर जंक्शन, 11080 गोरखपुर जंक्शन-एलटीटी, 15066 पनवेल-गोरखपुर जंक्शन, 19201 भावनगर-अयोध्या कैंट और 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस के रूट बहाल कर दिए गए हैं। प्लेटफॉर्म नंबर चार पर भी कॉनकोर्स का निर्माण कार्य शुरू होने से राजधानी एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, गरीबरथ, अवध-असम एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस, सुल्तानपुर-एलटीटी, फरक्का, कामाख्या-देहरादून, नीलांचल, श्रमजीवी, अरुणाचल, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार, आनंदविहार-मऊ एक्सप्रेस सहित 36 ट्रेनें अब प्लेटफॉर्म चार की जगह प्लेटफॉर्म नंबर दो, तीन, पांच, छह और सात से संचालित होंगी।