लखनऊ। गोमतीनगर के निजी अस्पताल में रोबोट से अग्नाशय के कैंसर की सर्जरी करके मरीज की जान बचाई गई। यह पेट की सबसे सफल सर्जरी में से एक रोबोटिक व्हिप्पल सर्जरी है।
सर्जरी करने वाले डॉ. अजय यादव ने बताया कि बस्ती निवासी 56 वर्षीय बालमुकुंद को पेट दर्द, उल्टी और पीलिया की शिकायत थी। उन्होंने बस्ती में इलाज कराया, पर राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्हें काले रंग का मल होने लगा, जो आंतरिक रक्तस्राव का संकेत है।
बालमुकुंद को गोमतीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पेरीएम्पुलरी कैंसर की पुष्टि हुई। यह ट्यूमर आमतौर पर उस स्थान पर विकसित होता है, जहां पित्त नली व पैंक्रियाज या अग्नाशय नली छोटी आंत में मिलती है।
मरीज को पहले से पीलिया था, इसलिए एंडोस्कोपिक रेट्रोग्रेड कोलेंजियोपैंक्रिएटोग्राफी से पित्त नली की रुकावट दूर की गई। पीलिया नियंत्रित करने के बाद रोबोटिक व्हिप्पल सर्जरी की गई। इसमें पैंक्रियाज का सिरा, छोटी आंत का पहला हिस्सा (डुओडेनम), पित्त नली, पित्ताशय, पेट का एक हिस्सा और आसपास के लिंफ नोड्स हटाकर दोबारा बनाए गए। सर्जरी के सातवें दिन मरीज को छुट्टी दे दी गई। वह तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।