बाराबंकी के एक घर में रविवार की रात पहुंचे सशस्त्र डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान व नकदी लूट ली। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच की लेकिन डकैतों का सुराग नहीं लग सका है। वारदात के बाद ग्रामीणों में पुलिस कार्यशैली के प्रति आक्रोश व्याप्त हो गया है।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। थाना मसौली के मोहल्ला में रविवार की रात लियाकत अली के घर छत के रास्ते पहुंचे शस्त्र आधा दर्जन डकैतों ने गृहस्वामी लियाकत अली को दबोचकर बंधक बना लिया और दो कमरों को खंगाल कर बक्से में रखी 50 हजार की नगदी सहित सोने, चांदी के करीब एक लाख के जेवरात उठा ले गए।
घर में ही कमरे में सो रही एक रिश्तेदार से भी बदमाश 55 सौ नगदी एव बच्चे के चांदी के कड़े व अशफाक का एक मोबाइल उठा ले गये। पीड़ित के अनुसार सभी डकैतों की उम्र 30 से 35 के बीच की थी तथा हाथ में चाकू-कट्टा लिए हुए थे।
पीड़ित ने बताया सभी बदमाश अपना मुंह ढके हुए थे। परिवार को दहशत में लेकर बदमाश बड़े ही आराम से नगदी सहित जेवरात लेकर मुख्य दरवाजे से फरार हो गये।