सहायक इंजीनियर के घर पर मौजूद पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ के विभूति खंड थाना क्षेत्र के विराज खंड-4 में रहने वाले गन्ना विभाग के इंजीनियर योगेंद्र श्रीवास्तव के घर मंगलवार रात डकैतों ने धावा बोल दिया। उनकी बेटी और पत्नी को अलग-अलग कमरों में बंधक बनाया और नगदी जेवरात लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि इंजीनियर के घर चोरी हुई है। तहरीर को लेकर परिजन और पुलिस में नोकझोंक भी हुई।
विराज खंड-4 निवासी योगेंद्र श्रीवास्तव मेरठ में गन्ना विभाग में बतौर इंजीनियर तैनात हैं। वह दो दिन की छुट्टी पर घर आए हुए थे। उनके परिवार में पत्नी निशा श्रीवास्तव, बेटी जीनिया सहित पांच लोग हैं।
वह मंगलवार रात 9:00 बजे के करीब अपने बेटे के साथ नौचंदी एक्सप्रेस से मेरठ के लिए निकल गए। सुबह करीब 5:00 बजे इंजीनियर की पत्नी ने फोन कर वारदात की जानकारी दी।
बदमाशों ने इंजीनियर की पत्नी और बेटी को अलग-अलग कमरों में बंधक बना लिया था और उनके साथ बदसलूकी भी की। इंजीनियर के मुताबिक, बदमाश करीब 70,000 की नकदी और 3 से 4 लाख रुपये के जेवरात ले गए हैं।