लखनऊ। उन्नाव के नवाबगंज तिराहे के पास शुक्रवार सुबह बाइक सवार दुबग्गा के रहने वाले लूट के आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी ने ढाई महीने पहले नवाबगंज पुलिस चौकी के पास महिला से लूट की थी।
अजगैन कोतवाली पुलिस सुबह 5:10 बजे नवाबगंज कस्बे में तिराहे के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर की नीली बाइक पर सवार युवक गुजरा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके बाएं पैर में लगी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुबग्गा बारवां कला बसंतकुंज योजना सेक्टर-पी हरदोई रोड निवासी अयान उर्फ शरीफ बताया। आरोपी ने 29 अगस्त को नवाबगंज पुलिस चौकी के सामने महिला से पर्स लूट की घटना कबूली है। इंस्पेक्टर अवनीश सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
आरोपी का साथी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी के साथी इरफान को 15 अक्तूबर को अजगैन पुलिस ने नवाबगंज पक्षी विहार के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उसके पैर में भी गोली लगी थी। इरफान कानपुर नगर के थाना जाजमऊ के ताड़ बगिया का रहने वाला है।