रोडवेज का मामला
120 पदों पर पुरुष चालकों के लिए कमता बस अड्डे पर रोजगार मेला
190 पदों के लिए महिला परिचालकों की क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। रोडवेज महिलाओं व पुरुषों के लिए रोजगार मेला लगाने जा रहा है। पहली से तीन दिसंबर तक यह मेला लगेगा। पुरुषों के लिए 120 संविदा चालकों के पदों पर भर्ती कमता बस अड्डे पर होगा। वहीं 190 महिला परिचालकों की भर्ती स्रपू मार्ग स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में होगी।
यह जानकारी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि संविदा पर महिलाओं व पुरुषों के लिए चालक-परिचालकों की भर्ती लगातार की जा रही है। इसी क्रम में पहली से तीन दिसंबर तक रोजगार मेला लगाया जाएगा। इसमें पहली व दूसरी दिसंबर को कमता बस अड्डे पर पुरुषों के लिए संविदा चालक पदों की भर्ती होगी तथा तीन दिसंबर को महिला संविदा परिचालकों की भर्ती होगी। उन्होंने आगे बताया कि संविदा चालकों के लिए न्यूनतम योग्यता छठवीं पास है। आयुसीमा 23 वर्ष छह माह रखी गई है। भारी वाहन चलाने का न्यूनतम दो साल का हैवी लाइसेंस होना चाहिए। संविदा चालकों को 2.06 रुपये प्रति किमी पारिश्रमिक दिया जाएगा। भर्ती होने के बाद रोडवेज बसों में परिवार को निःशुल्क यात्रा के लिए पांच पारिवारिक पास भी दिए जाएंगे। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत होने पर साढ़े सात लाख रुपये व घायल होने पर दस हजार रुपये इलाज के लिए दिए जाएंगे। गंभीर रूप से घायल होने की दशा में 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। कमता बस अड्डे पर आने वाले इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, आधार कार्ड, पैनकार्ड की छायाप्रति लेकर सुबह दस बजे पहुंचे। भर्ती शाम पांच बजे तक होगी। पहले टेस्ट में पास होने पर दूसरे टेस्ट के लिए कानपुर स्थित प्रधानाचार्य प्रशिक्षण संस्थान एलेन फॉरेस्ट भेजा जाएगा।
महिला परिचालकों के लिए अर्हता
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि महिला परिचालकों की भर्ती के लिए उम्र सीमा 18 से 40 वर्ष होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त इंटरमीडिएट व ट्रिपल सी अनिवार्य रूप से होना चाहिए। साथ ही राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, एनएसएस के प्रमाणपत्र हों या फिर एनसीसी या स्काउट गाइड में बी प्रमाणपत्र चाहिए।