लखनऊ। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बुधवार को नगर निगम की ओर से कराई जा रही सफाई व नागरिक सुविधा के कामों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि सुबह पांच से नौ बजे के बीच हर हालत में सड़कों की सफाई हो जाए। अगर मैनपावर या मशीनें कम हैं, तो उन्हें तत्काल बढ़ाएं। मानक अनुरूप न मिलने पर कार्यदायी संस्था पर कार्यवाही होगी।
आयुक्त कक्ष में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरी करने, सड़क सुधार, जल निकासी, सीवेज, हरित क्षेत्र विकास, यातायात सुधार और अन्य बुनियादी ढांचे के कामों की समीक्षा की। सड़कों व नालियों के निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने समेत समय पर पूरा करने के लिए मुख्य अभियंता को ताकीद की। सीएम ग्रिड योजना फेज वन की समीक्षा के दौरान अफसरों ने बताया कि सात सड़कों का कार्य निर्माणाधीन है जो जनवरी 2026 तक पूर्ण करा लिया जाएगा। खरगापुर व कुड़ियाघाट में निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता व मानक को ध्यान में रखते हुए काम कराने की चेतावनी दी। इन सब कामों के लिए मॉनीटरिंग गठित हो, जो समय समय पर समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट पेश करे।
अफसरों ने बताया कि हर रोज शहर से 2000 मीट्रिक टन कूड़ा कलेक्शन हो रहा है। 2100 मीट्रिक टन की क्षमता की मशीन से शिवरी प्लांट पर आए हुए कूड़े को निस्तारित किया जाता है। नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार सहित संबंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।