फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ध्रुवीकरण में फंसे राजनाथ का 40 किमी लंबा रोड शो

Mon, 28 Apr 2014 09:11 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज लखनऊ में 40 किमी लंबा रोड शो किया। अपनी ताकत दिखाने के अलावा उन्होने मुस्लिमों से भी साथ आने की अपील की।
विज्ञापन


लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण और मुस्लिम वोटों के ध्रुवीकरण में फंसे भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को रोड शो के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।

करीब 40 किमी. लंबे रोड शो को पूरा करने में उन्हें साढ़े आठ घंटे से ज्यादा वक्त लगा। इस बीच उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत और अभिनंदन हुआ।

पार्टी के दो-दो मुख्यमंत्री सिंह के रोड शो को ग्रैंड बनाने को शामिल हुए तो हौसला बढ़ाने पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी भी पहुंचे।

कई बड़ी हस्तियां रोड शो में

रोड शो की जोरदार शुरुआत पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से ठीक 11 बजे हुई।

इस मौके पर गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर, दिल्ली भाजपा के नेता विजय गोयल, सांसद लालजी टंडन, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी और महापौर दिनेश शर्मा उनके सेनापति की भूमिका में नजर आए।

सिंह का रोड शो हजरतगंज, सिकंदरबाग चौराहा, डालीबाग, गोमती बैराज, बालू अड्डा, लोहिया चौराहा, पत्रकारपुरम चौराहा, जुगौली, लक्ष्मणपुरी, भूतनाथ, इंदिरानगर, मुंशीपुलिया,

फरीदीनगर चौराहा, खुर्रुमनगर, विकासनगर, लेखराज पन्ना, इंजीनियरिंग कालेज, कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया, राम राम नाम बैंक, पुरनिया तिराहा, कपूरथला चौरहा, गोल मार्केट महानगर, निशातगंज पुलिस चौकी, आईटी चौराहा, डालीगंज मार्केट होते हुए खदरा चुंगी पर खत्म हुई।

लगा साढ़े आठ घंटे का वक्त

देर शाम यहां एक बड़ी सभा हुई। करीब 40 किलोमीटर लंबा रोड शो पूरा करने में राजनाथ सिंह को करीब साढ़े आठ घंटे से अधिक का वक्त लगा।

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर रोड शो की शुरुआत से ही सिंह के साथ थे तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह करीब छह घंटे साथ-साथ चले।

काफिला सीएमएस के आगे पहुंचा था कि सिंह की हौसलाअफजाई को प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी पहुंच गए।

यहां देर तक गडकरी-राजनाथ जिंदाबाद के नारे गूंजे।

शेर-ए-दिल राजनाथ

राजनाथ सिंह मोदी को शेर दिल बताते रहे हैं, पर काफिले में नारा गूंज रहा था-‘शेर-ए-दिल-राजनाथ सिंह। देश का नेता कैसा हो, राजनाथ सिंह जैसा हो। भाग मुलायम, मोदी आया। अबकी बार-मोदी सरकार।

शंख और बैंड-बाजे की धुन, मालों के हार और फूलों की बौछार के बीच राजनाथ का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ।

सिंह ने बालू अड्डा, जुगौली, भूतनाथ, फरीदीनगर चौराहा, इंजीनियरिंग कालेज चौराहा, निशातगंज पुलिस चौकी और सीतापुर रोड खदरा चुंगी पर लोगों को संबोधित किया।

वह सपा-बसपा पर तीखे वार, कांग्रेस पर करारे प्रहार के साथ अटल का गुणगान और मोदी का बखान करना नहीं भूले।

गर्मी नहीं सहन कर पाए राजनाथ

भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह जबर्दस्त गर्मी से बेहाल नजर आए। वैसे तो सिंह ने अपना रोड शो खुले वाहन से शुरू किया था।

लंबे काफिले के बीच वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक डीसीएम पर रवाना हुए। पर काफिला फन माल केआगे बढ़ा तो वह एसयूवी में आ गए।

हालांकि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का कहना था कि कई रास्ते ऐसे थे जहां से डीसीएम का गुजरना मुश्किल था। ऐसे में आगे चलकर वाहन बदलना पड़ा।

मुस्लिमों से की अपील

राजनाथ सिंह ने मुसलमानों से अपील की है कि वे भाजपा के साथ आएं। जांचें-परखें। अपने आप दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।

सिंह ने कहा कि भाजपा का विश्वास सबका साथ-सबका विकास में है जबकि दूसरे दल उनके दिल में भाजपा का भय दिखाकर राजनीति करते हैं।

उन्होंने पहले दिन के रोड शो के जबर्दस्त समर्थन के लिए राजधानी के लोगों के प्रति आभार जताया।

पहले दिन केरोड शो के समापन पर खदरा चुंगी पर सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा कि यूपी में आज परिवर्तन जरूरी हो गया है।
विज्ञापन

पुलिस को भी लपेटा

राजनाथ ने कहा कि यहां की पुलिस सामान्य पूंछताछ में भी गालियों से आचमन करती है।

उन्होंने सवाल किया कि यूपी में उनके,कल्याण सिंह व रामप्रकाश गुप्त के कार्यकाल में दंगे क्यों नहीं हुए और सपा के शासन में 100 से ज्यादा दंगे क्यों हो गए?

सिंह ने कहा कि हिंदुओं-मुसलमानों को मिलकर रहना चाहिए। मुसलमान हमारे साथ आएं, हमें जांचें-परखें, फिर फैसला करें।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साथ में हैं। इनके साथ वहां के कई मुस्लिम नेता आए हैं। उनसे पूछकर देख लें कि क्या रमन सिंह वहां हिंदू-मुसलमानों को बांट रहे हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें