डीएम बोले, पहले शहर के गड्ढे दुरुस्त करो
अमर उजाला की मुहिम का असर, अकबरपुर-जौनपुर मार्ग का निर्माण शहर के भीतर से शुरू
- अब तक शहर के बाहर दूसरे छोर से किया जा रहा था काम
अमर उजाला ब्यूरो
अंबेडकरनगर। सड़कों की बदहाली को लेकर अमर उजाला की मुहिम रंग ला रही है। अकबरपुर से जौनपुर मार्ग पर मरम्मत का जो काम मरैला मिल की तरफ से शुरू हुआ था, उसे रोककर शनिवार को जिला मुख्यालय की तरफ से काम शुरू करा दिया गया। दरअसल, डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय पर सड़कों की बदहाली की बातें लगातार सामने आ रही है। ऐसे में पहले नगर क्षेत्र की तरफ से मरम्मत शुरू कराई जाए। इसका पालन कराते हुए लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू भी करा दिया।
अमर उजाला ने जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में मार्गों की बदहाली को लेकर विशेष मुहिम छेड़ रखी है। करीब एक पखवारे से भी अधिक समय से खबरें छापी जा रही हैं। पूर्ववर्ती डीएम सुरेश कुमार व मौजूदा डीएम राकेश कुमार मिश्र ने इसका संज्ञान लिया। कई मार्गों पर काम भी शुरू हुआ। अकबरपुर नगर से जौनपुर मुख्य मार्ग भी इसमें शामिल है। शनिवार के अंक में अमर उजाला ने एक बार फिर गड्ढा युक्त सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने संज्ञान लेते हुए लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। डीएम ने बताया कि एनएचएआई से पीडब्ल्यूडी को सड़क हस्तांतरण और इसकी मरम्मत का मुद्दा भी जल्द हल हो जाएगा। फिलहाल जौनपुर मार्ग पर शहर के अंदर से निर्माण शुरू करा दिया गया है। पहले यह बाहरी छोर से हो रहा था। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि शहर के लोगों को इस सड़क पर गड्ढों से मुक्ति मिले। दरअसल, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि जौनपुर मार्ग पर पूर्ववर्ती मरैला मिल के निकट से निर्माण शुरू कराया गया है जो अगले कुछ दिनों में नगर सीमा तक पहुंच जाएगा। इस पर डीएम ने कहा कि नगर के भीतर सड़क खराब होने की सूचना है। ऐसे में तत्काल प्रभाव से नगर की तरफ से काम शुरू कराया जाए। डीएम के निर्देश पर लोकनिर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता ने कार्यदायी संस्था पीके कांस्ट्रक्शन को आदेश दिया कि मरैला मिल की तरफ से काम रोककर अकबरपुर नगर की तरफ से काम शुरू करा दिया जाए। इसके बाद शनिवार से इस पर अमल भी शुरू हो गया। कांस्ट्रक्शन कंपनी के एमडी प्रदीप सिंह ने बताया कि डीएम ने नगर के भीतर से काम शुरू करने का निर्देश दिया था। इसका पालन भी करा दिया गया है।
उधर, अमर उजाला की इस मुहिम को लेकर लोगों ने शुक्रिया भी कहा। पेस कंप्यूटर के एमडी संजीव कुमार, अराध्या शैक्षणिक संस्थान के एमडी मृत्युंजय कुमार व अर्थ ट्रेडिंग कंपनी के एमडी सुधाकर गुप्त ने कहा कि अमर उजाला की मुहिम का परिणाम सामने आया है। चिकित्सक सोनू गुप्त, सामाजिक कार्यकर्ता रेहान जैदी व दीपक शर्मा, व्यवसायी आफताब आलम व विकल्प मिश्र ने कहा कि अधिकारियों को खुद भी अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।