बलरामपुर। जिला पंचायत से बनाई गई 98.71 लाख की लागत से पांच सड़कों पर क्षेत्र के लोग फर्राटा भरेंगे। सड़कों का निर्माण राज्य वित्त व 15वां वित्त से कराया गया है। गुरुवार को डीएम श्रुति के निर्देश पर सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता परखने के लिए अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार मालवीय ने दोबारा निरीक्षण करके भौतिक सत्यापन किया और डीएम को रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है।
अपर मुख्य अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि वर्ष 2020-21 में राज्य वित्त आयोग से तीन लाख 50 हजार रुपये की लागत से तुलसीपुर ब्लॉक में ग्राम पंचायत फिरोजपुर में सोलिंग कार्य कराया गया है। 15वां वित्त आयोग से गैसड़ी ब्लॉक में तुलसीपुर-पचपेड़वा मुख्य मार्ग के पुरुषोत्तमपुर गांव से लेकर जैतापुर गांव तक 35 लाख 21 हजार रुपये में अनुरक्षण कार्य कराया गया है। पचपेड़वा ब्लॉक में 40 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत गनेशपुर बाजार से मधवानगर बाईपास तक सड़क का अनुरक्षण व पुलिया निर्माण कराया जा चुका है।
तुलसीपुर ब्लॉक में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीछे गोशाला जाने वाली दो सड़कों का 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी कार्य कराया गया है। डीएम के निर्देश पर अपर मुख्य अधिकारी ने 31 मई को पुन: नवनिर्मित सड़कों का भौतिक सत्यापन करके रिपोर्ट उपलब्ध करा दी है। सभी सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। क्षेत्र के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।