सरकुलेटिंग एरिया में रखी जाएगी कॉन्कोर्स की नींव
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आरएलडीए इंजीनियर पहुंचे। इंजीनियरों की टीम ने सरकुलेटिंग एरिया में कॉन्कोर्स की नींव रखने से लेकर अन्य निर्माण कार्यों के बाबत चर्चा की और तैयारियों का जायजा लिया गया।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग स्टेशन के अपग्रेडेशन का काम रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण(आरएलडीए) की ओर से करवाया जा रहा है। आरएलडीए ने पहले चरण में सेकेंड एंट्री की ओर निर्माण कार्य करवाए। वहीं अब कॉन्कोर्स के लिए नींव डालने का काम हो रहा है। कॉन्कोर्स एक ऐसी छत होगी, जो लखनऊ जंक्शन तक फैली होगी। यहां यात्री सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। कॉन्कोर्स के फाउंडेशन के तहत चारबाग के प्लेटफॉर्म नंबर चार व पांच पर ट्रैफिक ब्लॉक लेकर कार्य करवाए गए हैं। वहीं अब प्लेटफॉर्म नंबर दो व तीन पर भी ब्लॉक लेकर काम करवाए जाएंगे। इसी क्रम में चारबाग स्टेशन के मुख्य भवन के सामने सरकुलेटिंग एरिया में बनी पार्किंग में भी निर्माण कार्य होंगे। कॉन्कोर्स के लिए नींव रखी जाएगी। इसके लिए पार्किंग खाली करवाई जा चुकी हैं। अगले हफ्ते तक यहां कंक्रीट व अन्य बिल्डिंग मैटीरियल गिराई जाएगी। आरएलडीए इंजीनियरों की टीम शनिवार को चारबाग स्टेशन पहुंची। इंजीनियरों ने सरकुलेटिंग एरिया में होने वाले निर्माण कार्यों के बाबत रेलवे अफसरों से विचार विमर्श किया। साथ ही इस बाबत क्या तैयारियां हैं, उसका भी जायजा लिया।