खबर आ रही है कि आनंद लाल बनर्जी को नया डीजीपी चुन लिया गया है। इसकी औपचारिक घोषणा भी आज कर दी गई।
श्री बनर्जी 1979 बैच के आईपीएस अफसर हैं। बताते चलें कि डीजीपी रिजवान अहमद आज रिटायर हो रहे हैं। श्री बनर्जी अपना पदभार शाम छह बजे संभालेंगे।
तीन माह के लिए डीजीपी बने रिजवान अहमद की सेवानिवृत्ति के मौके पर लखनऊ पुलिस लाइन में सुबह विदाई परेड का आयोजन किया गया था। विदाई समारोह आज शाम किया जाएगा।
जब तक बनर्जी के नाम की घोषणा नहीं की गई थी तब तक डीजीपी बनने की रेस में अरुण कुमार गुप्ता, बृजलाल और सुब्रत त्रिपाठी प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। लेकिन सरकार इन तीनों में से ही किसी को डीजीपी बनाएगी, इसे लेकर मतभेद भी था।
अरुण कुमार गुप्ता के नाम पर सरकार ने तब भी विचार नहीं किया था जब उनसे जूनियर रिजवान अहमद को डीजीपी बनाया गया था। बृजलाल को सपा ने सत्ता में आते ही डीजीपी पद से हटा दिया था।
जबकि सुब्रत त्रिपाठी को को-ऑपरेटिव सेल व ईओडब्ल्यू जैसे विभागों से हटाकर रूल्स एंड मैनुअल में तैनात किए जाने से सरकार की उनकी प्रति नाराजगी स्वत: ही स्पष्ट हो रही है।