रायबरेली। हरचंदपुर के फरीदपुर गांव में चोरी की बिजली से राइस मिल चल रही थी। उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता की टीम ने शुक्रवार देर शाम छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी। यहां पर 20 किलोवाॅट बिजली की चोरी हो रही थी।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन एके सिंह ने बताया कि राइस मिल संचालक मनोज सिंह पर करीब 10 लाख रुपये का बिजली का बिल बकाया था। इस पर जनवरी में कनेक्शन काट दिया गया था। बकाया बिल जमा करने के साथ बाउंड्रीवाॅल के अंदर रखे ट्रांसफार्मर को बाहर करवाने के कहा गया था, लेकिन उपभोक्ता ने ध्यान नहीं दिया।
इसके बावजूद काटे गए कनेक्शन को दोबारा जोड़कर बिजली चोरी शुरू कर दी। उपखंड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा, अवर अभियंता दयाशंकर शाह ने शुक्रवार शाम छापा मारा तो राइस मिल चलती मिली। अवर अभियंता ने राइस मिल संचालक मनोज सिंह के खिलाफ बिजली चोरी की तहरीर थाने में दी है।