फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीसीएस एसोसिएशन में विद्रोह की स्थिति, ऑडिटर ने दिया इस्तीफा, बोले- बुरे दौर में काडर

Thu, 23 Jan 2020 12:29 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश पीसीएस एसोसिएशन में विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई है। संघ की निष्क्रियता का मुद्दा उठाते हुए ऑडिटर समीर वर्मा ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि पीसीएस काडर बुरे दौर से गुजर रहा है। एसोसिएशन की निष्क्रियता से हालात बहुत खराब हैं।

विज्ञापन


वर्ष 2000 बैच के पीसीएस अधिकारी समीर वर्मा ने एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। इस्तीफे में उन्होंने कहा कि 3 मार्च 2019 को एसोसिएशन की बैठक में उन्हें ऑडिटर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

मौजूदा कार्यकारिणी जबसे अस्तित्व में आई है, तबसे तय मानक व स्तर पर काम नहीं कर सकी। कार्यकारिणी पीड़ित पीसीएस अफसरों के मुद्दों को उठाने में नाकाम रही। ऐसे कई अवसर आए जब साथी अफसरों ने अपने मुद्दों को लेकर एसोसिएशन की तरफ उम्मीद के साथ देखा, पर एसोसिएशन ने इन सभी को मायूस किया। हमने न सिर्फ उन्हें नाउम्मीद किया बल्कि उनको उनके हाल पर छोड़ दिया।
विज्ञापन


कार्यकारिणी का पदाधिकारी होने के नाते हमें इस दुखद स्थिति की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पीसीएस काडर बुरे दौर से गुजर रहा है, एसोसिएशन की निष्क्रियता की वजह से हालात बहुत खराब हैं। हम इसी वजह से पिछले तीन वर्षों में एसोसिएशन की वार्षिक सामान्य सभा तक नहीं कर सके। एसोसिएशन के पदाधिकारियों में आपसी संवाद भी ठीक नहीं है।

विज्ञापन

'कार्यकारिणी का सदस्य होने के नाते मुझे घुटन महसूस हो रही है'

समीर वर्मा ने कहा, कार्यकारिणी का सदस्य होने के नाते मुझे घुटन महसूस हो रही है। मैं खुद को बंधन में पा रहा हूं। हालांकि ऑडिटर होने के नाते मेरी कोई महत्वपूर्ण या निर्णायक भूमिका नहीं है, पर हम साथ तैरते हैं और साथ ही डूबते हैं। लिहाजा मैं अपने पद से तात्कालिक प्रभाव से इस्तीफा दे रहा हूं।

संयुक्त सचिव कपिल ने मांगा अध्यक्ष-सचिव से इस्तीफा
पीसीएस एसोसिएशन के संयुक्त सचिव कपिल सिंह ने भी समीर का समर्थन करते हुए अध्यक्ष व सचिव से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने संघ की निष्क्रियता और पदाधिकारियों की उदासीनता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संवर्ग के अफसरों में बढ़ते रोष को देखते हुए अध्यक्ष व महासचिव को नैतिकता के आधार पर स्वत: इस्तीफा दे देना चाहिए।

26 को बुलाई एसोसिएशन की बैठक
महासचिव पवन गंगवार ने कहा कि 26 जनवरी को शाम 4.30 बजे डालीबाग कॉलोनी स्थित कार्यालय में एसोसिएशन की बैठक बुलाई जा रही है। इसमें एसोसिएशन के अधिवेशन के लिए तारीख निर्धारित करने पर विचार किया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री का समय प्राप्त करने में सफलता मिली तो वार्षिक अधिवेशन दो दिवसीय होगा अन्यथा नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के लिए विशेष अधिवेशन कराया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें