लखनऊ के बीकेटी में बुधवार आधी रात रिटायर्ड प्रिंसिपल 65 वर्षीय सुंदर लाल सिंह को उनके सिरफिरे नौकर लल्लू सिंह ने फावड़े से काट डाला। हत्या के बाद शव पर रजाई डालकर नौकर भाग निकला।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार सुबह चाय लेकर आए परिवारीजनों ने सुंदर लाल को जगाने के लिए रजाई हटाई तो होश उड़ गए। नौकर की तलाश की गई लेकिन वह नहीं मिला।
सीओ बीकेटी तनु उपाध्याय सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तो पलंग के पास हत्या में प्रयुक्त टूटा हुआ फावड़ा और नौकर का मोबाइल फोन मिल गया। रिटायर्ड प्रिंसिपल के बेटे दिलीप सिंह ने लल्लू पर हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस की टीमें नौकर के दो करीबियों को हिरासत में लेकर उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं।
रिटायर्ड प्रिंसिपल अस्ती रोड के मूसानगर में गुमानीपुरवा मोड़ के पास रहते थे और घर के पड़ोस में ही स्थित अपनी मार्केट में सोते थे। बेटे दिलीप सिंह ने बताया कि सीतापुर के अटरिया निवासी लल्लू सिंह उनके साथ ही रहता था।
विज्ञापन
जरा-जरा सी बात पर लोगों से करता था झगड़ा
बिखलते परिवारीजन
- फोटो : amar ujala
लल्लू सिरफिरा किस्म का व्यक्ति है और जरा-जरा सी बात पर लोगों से झगड़ा कर लेता था। रिटायर्ड प्रिंसिपल से भी मामूली बात पर कहासुनी के बाद वह उन्हें धमकाता था।
बुधवार रात भी मच्छरदानी लगाने के लिए कहने पर उसकी रिटायर्ड प्रिंसिपल से कहासुनी हो गई। नौकर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस का मानना है कि इसी बात से नाराज लल्लू ने रिटायर्ड प्रिंसिपल पर सोते वक्त फावड़े से हमला कर दिया। उनकी बायीं कनपटी पर तीन गहरे जख्म मिले हैं। हमले से फावड़ा टूट गया। बिस्तर के पास ही फावड़ा छोड़कर लल्लू सिंह मौके से भाग निकला।
इंस्पेक्टर नित्यानंद सिंह ने बताया कि लल्लू सिंह की तलाश में पुलिस की एक टीम सीतापुर भेजी गई लेकिन वह नहीं मिला। उसके दो परिचितों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
परिवारीजनों ने बताया कि सुंदर लाल ने कई साल पहले पत्नी की मौत के बाद ललिता सिंह से दूसरी शादी की थी। परिवार में बेटे दिलीप, ललित, रामू, विनय, सूरज के अलावा अन्य सदस्य हैं।
आटा चक्की का पट्टा चढ़ाने को लेकर भी हुई थी तनातनी
रिटायर्ड प्रिंसिपल की मार्केट में आटा चक्की सहित अन्य दुकानें हैं। एक दुकान में बाल विकास परियोजना का कार्यालय चलता है।
मार्केट के लोगों का कहना था कि कुछ दिन पूर्व आटा चक्की का पट्टा निकल गया था। रिटायर्ड प्रिंसिपल ने नौकर से पट्टा चढ़ाने को कहा तो वह भड़क गया।
लोगों के सामने ही उसने रिटायर्ड प्रिंसिपल को बुरा-भला कहना शुरू कर दिया। मार्केट के लोगों ने उसे समझाकर शांत कराया था।
नौकर से करते थे स्नेह, परिवारीजनों को समझाकर करते थे शांत
- फोटो : amar ujala
लल्लू सिंह करीब ढाई साल से रिटायर्ड प्रिंसिपल सुंदर लाल सिंह के साथ रहकर छोटे-मोटे काम करता था। वह नौकर को काफी स्नेह करते थे। रिटायर्ड प्रिंसिपल यह जानते थे कि लल्लू सिंह काफी गरम दिमाग का है और अक्सर लोगों से भिड़ जाता है। वह कई बार उनसे भी भिड़ गया।
परिवारीजनों के सामने ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी। परिवारीजन उसे हटाने के लिए कहते तो सुंदर लाल उन्हें समझाकर शांत करा देते थे। वह कहते थे कि दिमाग में गरमी चढ़ी है।
शांत होने पर गलती का अहसास होगा तो सब ठीक हो जाएगा। परिवारीजनों का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस नौकर का वह इतना पक्ष लेते हैं, वही उनकी निर्मम तरीके से हत्या कर देगा।