वाहन की टक्कर से सेवानिवृत्त दरोगा की मौत
लखनऊ। पारा के भूहर पुल पर शनिवार सुबह टहलने निकले सेवानिवृत्त दरोगा अशोक बहादुर मौर्या (63) की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई।
मोहान रोड चौकी प्रभारी सचिन कौशिक के मुताबिक अशोक विहार कॉलोनी निवासी अशोक बहादुर मौर्या सुबह 4:30 बजे घर से टहलने निकले थे। करीब आधे घंटे के बाद भूहर पुल के पास वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उनको ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, वहां उनकी मौत हो गई। उनके मोबाइल के जरिये परिजनों से संपर्क किया गया। परिवार में पत्नी प्रेमावती व दो बेटे जितेंद्र व शैलेंद्र हैं। शैलेंद्र यूपी पुलिस में सिपाही हैं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।