हसनगंज (उन्नाव)। लखनऊ के आलमबाग नहरिया चौराहा निवासी विजिलेंस से सेवानिवृत्त सीओ भगवान स्वरूप व सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पत्नी गुंजीत ने उन्नाव हसनगंज तहसील के एसडीएम रामदेव निषाद पर अभद्रता का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि प्रार्थनापत्र मिला है। अफसरों को अवगत करा दिया है।
पीड़ित दंपती ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे जनसुनवाई के दौरान हसनगंज एसडीएम के कार्यालय में पहुंचे थे। यहां उन्होंने एसडीएम को बताया कि आठ वर्ष पूर्व तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी करतार सिंह व मिलन आदि से पांच बीघा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी। बृजभूषण के आपत्ति लगाने से मामला नायब तहसीलदार न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि यह सुनकर एसडीएम आगबबूला हो गए और सुरक्षा गार्ड को बुलाकर कार्यालय से बाहर निकलवा दिया। दोबारा आने पर रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी। उधर, एसडीएम रामदेव निषाद ने बताया कि दंपती कार्यालय में तेज आवाज में बात कर रहे थे। इस पर बाहर जाने को कह दिया था। कोई अभद्रता नहीं की गई, सभी आरोप निराधार हैं।