फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी को नाम पूछकर मारी गोली

Sun, 01 Feb 2026 02:47 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
घटनास्थल पर छानबीन करते पुलिस अ​धिकारी।
विज्ञापन
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित शॉपिंग स्क्वायर के बाहर शुक्रवार रात दो हमलावरों ने एयरफोर्स से सेवानिवृत्त अवधेश पाठक (61) को गोली मार दी। गोली उनकी आंख के पास लगी। उन्हें गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पत्नी मिथिलेश पाठक की तहरीर पर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के मुताबिक अवधेश पाठक मूलरूप से संतकबीरनगर के बखिरा थाना ग्राम हावपुर गड़ारी के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में वह पत्नी मिथिलेश के साथ अंसल इलाके में रहते हैं। वह पत्नी के साथ अंसल के सेक्टर-डी स्थित शॉपिंग स्क्वायर में रसोई बाई मां नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह ऑर्डर की डिलीवर करने कार के पास पहुंचे। उन्होंने जैसे ही कार का गेट खोला, पीछे से दो हमलावर पहुंच गए। एक ने अवधेश से उनका नाम पूछा और दूसरे में गाली देते हुए असलहा निकालकर उन्हें गोली मार दी। गोली अवधेश की दाहिनी आंख के पास लगी। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। मौके पर पहुंची सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने घायल अवधेश को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।

डीसीपी ने बताया कि मिथिलेश कुमारी की तहरीर पर दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की आठ टीमों को हमलावरों की तलाश में लगाया गया है।
विज्ञापन


हमले के पीछे की वजह साफ नहीं : अवधेश पाठक को गोली क्यों मारी गई इसका पता नहीं चल सका है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। डीसीपी का कहना है कि संतकबीरनगर से संपत्ति विवाद का पता लगाया जा रहा है। पुलिस की एक टीम रेस्टोरेंट से जुड़े मामलों को भी देख रही है। कहीं ऐसा तो नहीं कि अवधेश का किसी ग्राहक से विवाद हुआ हो। जांच में पता चला है कि अवधेश का एक साला यूपी पुलिस में दरोगा है और बहराइच में तैनात है। अवधेश बीकेटी एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात थे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए हैं।

नाक के पास फंसी गोली ऑपरेशन से निकाली जाएगी

डीसीपी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती अवधेश की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। गोली उनकी नाक के पास फंसी है। डॉक्टरों का कहना है कि जल्द ऑपरेशन कर गोली को निकाला जाएगा।

सीसीटीवी कैमरे में दिखे बाइक सवार हमलावर

अवधेश को गोली मारने वाले हमलावर बाइक से आए थे। दोनों ने बाइक को कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को यह पता चला है। रात होने की वजह से बाइक सवार हमलावरों की फुटेज साफ नहीं आई है। पुलिस की कई टीमें पूरे इलाके में लगे एक-एक सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें