ग्राहक के विवाद में रेस्टोरेंट मालिक ने बेकरी संचालक को पीटा
लखनऊ। चिनहट में बुधवार को ग्राहक के विवाद में रफ्तार रेस्टोरेंट मालिक नवीन दूबे ने बेकरी में घुसकर संचालक अविनाश जायसवाल को रॉड से पीट दिया। अविनाश के दाएं पैर के घुटने की हड्डी टूट गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मल्हौर निवासी रामगोपाल के मुताबिक एमिटी यूनिवर्सिटी न्यू कैंपस गेट संख्या-1 पर बेटे अविनाश की रुद्र कूल कॉर्नर नाम से बेकरी है। पास में ही नवीन का रेस्टोरेंट है। आरोप है कि वह ग्राहकों को लेकर आए दिन विवाद करता है। बुधवार रात नौ बजे शराब के नशे में धुत नवीन ने बेटे से विवाद किया। बात बढ़ने पर बेकरी में घुसकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध पर अविनाश को उठाकर पटक दिया और रॉड से जमकर पीटा। बेटे के मरणासन्न होने पर आरोपी भाग निकला। पड़ोसी दुकानदार की सूचना पर उन्होंने बेटे को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी भरत पाठक के मुताबिक आरोपी पर शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।
स्कूटी सवार दो युवकों ने कार चालक को पीटा
लखनऊ। गोसाईंगंज के सलेमपुर निवासी सुनील साहू ने स्कूटी सवार दाे लोगों पर उनकी पिटाई करने का आरोप लगाते हुए गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया है। सुनील के मुताबिक मंगलवार को वह कार से हैनीमैन चौराहे की ओर जा रहे थे। विनीतखंड में उनकी कार से स्कूटी टकरा गई। आरोप है कि स्कूटी सवार दो लोगों ने गाली गलौज करते हुए बाल पकड़ कर उन्हें कार से खींच लिया और जमकर पीटा। बेहोश होने पर आरोपी भाग निकले। लोगों ने उनको अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक फुटेज के जरिये आरोपियों की तलाश की जा रही है।