लखनऊ। अलीगंज निवासी रंजना शर्मा ने ऋषभ व उसके दस साथियों पर रेस्टोरेंट संचालक बेटे शिवा को पिस्ताैल के बल पर पीटने व एक लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। विभूतिखंड पुलिस ने 11 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। घटना से जुड़ा एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। हालांकि अमर उजाला उसकी पुष्टि नहीं करता है।
रंजना के मुताबिक बेटा कपूरथला पर आंगन कैफे नाम से रेस्टोरेंट चलाता है। आरोप है कि ऋषभ ने सोमवार को बेटे शिवा को कॉल कर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। डर के कारण बेटे ने पुलिस से शिकायत नहीं की। सोमवार की रात बेटा विभूतिखंड स्थित किसान बाजार में कैफे में बैठा था, तभी रिषभ 10 साथियों के साथ आया। आरोप है कि वह बेटे को दूसरे केबिन में ले गया और रंगदारी मांगते हुए पिस्ताैल के बल पर बेटे को पीट दिया।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में कैफे के अंदर दोनों पक्ष दिखे हैं। जिस केबिन में मारपीट हुई है, उसके फुटेज भी मांगे गए हैं।