अयोध्या। बिजली निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को सर्किल कार्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने झटपट पोर्टल पर लंबित मामलों का 20 जून तक निस्तारण करने के निर्देश दिए। बिजनेस प्लान के तहत हो रहे विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान मिली कई खामियां अविलंब दूर करने के निर्देश दिए।
प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल, निदेशक तकनीकी हरीश बंसल, निदेशक वाणिज्यिक रजत जुनेजा समेत 22 लोगों की टीम के साथ बृहस्पतिवार की दोपहर लगभग तीन बजे अयोध्या पहुंचीं। शहर के सिविल लाइन स्थित सर्किल कार्यालय में उन्होंने मुख्य अभियंता बृजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विनय कुमार व वर्टिकल और ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक की।
इस दौरान उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। झटपट पोर्टल पर आए आवेदनों की समीक्षा के दौरान 1700 मामले लंबित बताए गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, नए फीडरों की टैगिंग भी इसी अवधि में पूर्ण करने को कहा। ट्रांसफार्मर में फ्यूज सेट का परीक्षण करने और वंचित ट्रांसफार्मर को फ्यूज सेट से लैस करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तारों के शिफ्टिंग कार्य का भी उन्होंने जायजा लिया। अयोध्या धाम के विभिन्न स्थलों पर हो रहे बिजली निगम के विभिन्न विकास कार्यों के गुणवत्ता देखी। साथ ही भीषण गर्मी में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए आवंटित दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।