एजेंटों से हजारों रुपये और आवेदन पत्र लेकर तत्काल कोटे के टिकट बनाने का गोरखधंधा लखनऊ के आसपास के जिलों के छोटे स्टेशनों पर जमकर चल रहा है।
सुल्तानपुर में रेलवे की विशेष टीम के छापे में एक आरक्षण लिपिक से तत्काल टिकट बनाने के आवेदन पत्र और करीब छह हजार रुपये बरामद हुए हैं।
शुक्रवार को आरक्षण लिपिक को निलंबित कर दिया गया।
उत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव को सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर में लाइन में लगे यात्रियों से पहले ही वहां तैनात कर्मचारी तत्काल के टिकट निकाल रहे हैं।
एजेंटों के साथ ही प्रभावशाली लोगों से पहुंच के कारण सुल्तानपुर की आरपीएफ और जीआरपी भी इन कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।
इस पर सीनियर डीसीएम की विशेष टीम बेहद गोपनीय तरीके से 17 जुलाई को सुल्तानपुर के रेलवे आरक्षण केंद्र पहुंची। यहां तैनात आरक्षण लिपिक बीएन सिंह की गतिविधियों पर टीम को शक हुआ।
सुबह 10 बजे तत्काल बुकिंग खुलने के ठीक पहले बीएन सिंह के सरकारी खजाने का मिलान किया गया। उसकी जेब से छह हजार रुपये अधिक और भरे हुए आवेदन पत्र बरामद हुए।
मौके पर मिले आवेदन पत्रों और रुपयों को लेकर स्पेशल टीम लखनऊ आ गई। यहां शुक्रवार को कर्मचारी के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए।